दिल्ली के नामी आश्रम में छात्राओं के शोषण के आरोपों के बाद कुख्यात “डर्टी बाबा” चैतन्यानंद फरार चल रहा है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जिन 17 छात्राओं ने बाबा पर आरोप लगाए हैं, उनकी शिकायतों की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। चैतन्यानंद पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना लोकेशन बदल रहा है। उसका आखिरी लोकेशन यूपी के आगरा का मिला था, इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है। पुलिस उसके सहयोगियों की भी तलाश कर रही है, जिन पर शक है कि वे उसे छिपाने में मदद कर रहे हैं।
अब तक पुलिस ने 50 से ज्यादा छात्राओं के मोबाइल फोन की जांच की है। हैरानी की बात यह रही कि सभी फोनों में चैट पहले से ही डिलीट मिलीं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बाबा ने दबाव डालकर इन चैट्स को हटवाया। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से उन डिलीट चैट्स को रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस की अलग-अलग टीमें दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में छापेमारी कर रही हैं। बाबा के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है, जिससे वह देश छोड़कर भाग न सके।
मठ प्रशासन ने भी बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। इस आधार पर पुलिस ने उस पर एक और केस दर्ज किया है। अब तक बाबा पर पांच मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें 2009 में दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी का एक केस भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि वह खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को अपना शिकार बनाता था।
बाबा की लग्जरी वॉल्वो कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। यह कार किसी और के नाम पर रजिस्टर्ड है और उस पर संयुक्त राष्ट्र (UN) की नकली नंबर प्लेट लगी थी। जांच में साफ हुआ कि संयुक्त राष्ट्र ने ऐसा कोई नंबर जारी नहीं किया। कार की तलाशी में पुलिस को नौ नीली नंबर प्लेट मिली हैं, जिन पर अलग-अलग नंबर और “United Nations” लिखा है। इनमें से तीन पर बारीक अक्षरों में “United Nations – OECD, Asia Pacific Development Initiative” अंकित था। आमतौर पर ऐसी प्लेट्स संयुक्त राष्ट्र से जुड़े वाहनों को ही जारी की जाती हैं, लेकिन बाबा ने उन्हें नकली तरीके से इस्तेमाल किया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel