पंजाब के जालंधर से शुक्रवार (6 फरवरी 2026) सुबह एक सनसनीखेज हत्या की खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के युवा नेता लक्की ओबेरॉय की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना मॉडल टाउन इलाके में स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर उस समय हुई, जब वह रोज की तरह सुबह मत्था टेकने पहुंचे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे और जैसे ही लक्की ओबेरॉय अपनी THAR गाड़ी में पहुंचे, आरोपितों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले में लक्की को कई गोलियां लगीं, जिनमें सिर और छाती में लगी गोलियां गंभीर साबित हुईं। गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उनकी गाड़ी के शीशे टूटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

गंभीर रूप से घायल लक्की ओबेरॉय को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जांच टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel