यमन में फांसी की सजा का सामना कर रही भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को 16 जुलाई को दी जाएगी फांसी
केरल के पलक्कड़ की निवासी और पेशे से नर्स निमिषा प्रिया को यमन में 16 जुलाई 2025 को फांसी दी जाएगी। प्रिया पर एक यमनी नागरिक की हत्या का आरोप है और वह लंबे समय से यमन की जेल में बंद हैं। मानवाधिकार कार्यकर्ता सैमुअल जेरोम, जिन्हें प्रिया की मां प्रेमा कुमारी की पावर ऑफ अटॉर्नी प्राप्त है, ने बताया कि उन्हें यमन जेल प्रशासन की ओर से फोन पर इस बात की सूचना दी गई कि फांसी का आदेश जारी हो चुका है।
अभी भी हैं कुछ संभावनाएं:
जेरोम के अनुसार, बचाव के प्रयास अभी जारी हैं। प्रिया की जान बचाने के लिए यमनी नागरिक के परिवार से ब्लड मनी (रक्त-मुआवज़ा) के तहत बातचीत की कोशिशें हुई थीं। बताया गया कि परिवार को 10 लाख डॉलर की पेशकश भी की गई थी और एक भारतीय स्पॉन्सर की मदद से यह राशि जुटाई जा रही है। हालांकि, यमनी पीड़ित परिवार ने अब तक किसी भी प्रस्ताव पर सकारात्मक जवाब नहीं दिया है।
भारत सरकार कर सकती है हस्तक्षेप:
हालांकि हालात बेहद गंभीर हैं, लेकिन भारत सरकार के पास अभी हस्तक्षेप के विकल्प खुले हैं। यदि उच्च स्तर पर राजनयिक प्रयास किए जाएं, तो इस मामले में यमन सरकार से दया याचिका या ब्लड मनी समझौते के आधार पर फांसी की सजा रोकी जा सकती है।