राजस्थान के रतनगढ़ में भारतीय वायुसेना का जगुआर फाइटर प्लेन क्रैश
राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां भारतीय वायुसेना का जगुआर फाइटर प्लेन राजलदेसर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस क्रैश में पायलट समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य के घायल होने की भी सूचना है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं।
Rajasthan: IAF's Jaguar fighter jet crashes near Churu
Read @ANI Story | https://t.co/3gKaiSGrnp#IAF #Jaguarfighterjet #crash pic.twitter.com/EYsFixSMlc
— ANI Digital (@ani_digital) July 9, 2025
ग्रामीणों के अनुसार, आसमान में तेज आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद खेतों में आग की लपटें और घना धुआं उठता दिखाई दिया। क्रैश की जगह पर फाइटर जेट का मलबा बिखरा हुआ मिला, जिसमें आग लगी हुई थी। डिफेंस सूत्रों ने पुष्टि की है कि हादसे का शिकार विमान भारतीय वायुसेना का जगुआर था।
फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि हादसा किस कारण हुआ, विमान ने किस मिशन के तहत उड़ान भरी थी, और मृत पायलट की पहचान क्या है। हालांकि, राजस्थान में वायुसेना के कई बेस हैं, जिनमें जोधपुर और बीकानेर प्रमुख हैं। यह क्षेत्र अभ्यास उड़ानों की दृष्टि से सक्रिय रहता है।
कलेक्टर अभिषेक सुराना, स्थानीय पुलिस अधिकारी और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर रवाना हो गई हैं। गांववालों ने बताया कि विमान क्रैश के तुरंत बाद खेतों में आग लग गई थी, जिसे ग्रामीणों ने अपनी ओर से बुझाने की कोशिश की। फिलहाल इलाके को सील कर जांच शुरू की जा रही है।
गौरतलब है कि अप्रैल में भी गुजरात के जामनगर के पास वायुसेना का एक जगुआर विमान क्रैश हुआ था। यह हादसा भारतीय वायुसेना के लिए एक और सुरक्षा संबंधी चिंता का विषय बन गया है।