प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र की हाई-लेवल जनरल डिबेट में शामिल नहीं होंगे। शुक्रवार को जारी संशोधित अस्थायी सूची के मुताबिक भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर 27 सितंबर को विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे। पहले की सूची में कहा गया था कि पीएम मोदी 26 सितंबर को भाषण देंगे, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा और हाई-लेवल जनरल डिबेट 23 से 29 सितंबर तक चलेगी।
इस सत्र की शुरुआत परंपरा के अनुसार ब्राजील के भाषण से होगी। इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को संबोधन देंगे। यह उनके दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद UNGA में पहला भाषण होगा। 26 सितंबर को इजरायल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शीर्ष नेता भी अपनी बात रखेंगे। यह सत्र खास है क्योंकि संयुक्त राष्ट्र की स्थापना को 80 साल पूरे हो रहे हैं। इस बार का थीम है— “बेटर टुगेदर: 80 इयर्स एंड मोर फॉर पीस, डेवलपमेंट एंड ह्यूमन राइट्स।”
UNGA के दौरान कई अहम बैठकें भी होंगी। 22 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक विशेष बैठक आयोजित होगी। 24 सितंबर को महासचिव एंटोनियो गुटेरेस एक जलवायु शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे, जहां विभिन्न देश अपनी नई राष्ट्रीय जलवायु योजनाएँ प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, बीजिंग में 1995 में हुई चौथी विश्व महिला सम्मेलन की 30वीं वर्षगांठ भी इस बार मनाई जाएगी।
यह सत्र ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक मुद्दों पर गहरी बहस की उम्मीद है। इजरायल-हमास युद्ध, यूक्रेन संकट और जलवायु परिवर्तन जैसे विषय प्रमुखता से उठेंगे। वहीं, भारत और अमेरिका के बीच जारी व्यापारिक तनाव भी चर्चा में रहेगा। फरवरी में पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की वॉशिंगटन मुलाकात के बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया है, जिसमें रूस से तेल खरीदने पर 25 प्रतिशत का टैरिफ शामिल है।
हालांकि, UNGA की अस्थायी सूची में बदलाव की संभावना हमेशा बनी रहती है। जैसे-जैसे हाई-लेवल सप्ताह करीब आएगा, वक्ताओं और कार्यक्रमों में फेरबदल हो सकता है। लेकिन माना जा रहा है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस बार भारत का पक्ष मजबूती से रखेंगे और वैश्विक मुद्दों पर भारत की स्पष्ट स्थिति दुनिया के सामने पेश करेंगे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel