उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में स्थित जलालाबाद शहर का नाम बदलकर अब परशुरामपुरी कर दिया गया है। लंबे समय से चली आ रही मांग और स्थानीय जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने यूपी सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि गृह मंत्रालय ने नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए “नो ऑब्जेक्शन” जारी कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर स्थित जलालाबाद का नाम परिवर्तित कर 'परशुरामपुरी' करने की अनुमति देने पर माननीय गृह मंत्री श्री @AmitShah जी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार!
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी एवं मा. मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी का हृदय से आभार, वंदन एवं… pic.twitter.com/d6EanSsCL3
— Jitin Prasada जितिन प्रसाद (@JitinPrasada) August 20, 2025
विधानसभा क्षेत्र का भी बदलेगा नाम
जलालाबाद नाम से एक विधानसभा क्षेत्र भी है, और अब यह क्षेत्र आधिकारिक रूप से परशुरामपुरी विधानसभा क्षेत्र कहलाएगा। गृह मंत्रालय की ओर से 19 अगस्त 2025 को आदेश जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि यूपी सरकार के 27 जून 2025 को भेजे गए प्रस्ताव पर विचार करने के बाद भारत सरकार को इस नाम परिवर्तन पर कोई आपत्ति नहीं है।
आदेश में दिए गए निर्देश
गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि नया नाम देवनागरी (हिंदी), रोमन (अंग्रेज़ी) और क्षेत्रीय भाषाओं में प्रकाशित किया जाए। इसके साथ ही यूपी सरकार को निर्देश दिया गया है कि वह अधिसूचना जारी कर इस बदलाव की जानकारी सभी संबंधित विभागों और संस्थानों को दे। इनमें सर्वे ऑफ इंडिया, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, रेलवे बोर्ड, डाक विभाग और अन्य प्रमुख संस्थाएं शामिल हैं।
यह आदेश गृह मंत्रालय के अवर सचिव कुंदन कुमार द्वारा जारी किया गया है और इसे संबंधित विभागों को भेज दिया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel