देश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद, पार्टी और उसके सहयोगी गठबंधन NDA की पकड़ और मजबूत हो गई है।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब NDA की सरकारें देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बन चुकी हैं। इसके साथ ही, देश की करीब 76 प्रतिशत आबादी पर BJP या उसके सहयोगी दलों के मुख्यमंत्री शासन कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में पहली बार BJP की सरकार बनने के बाद, पार्टी ने अपनी राजनीतिक पहुंच को और विस्तार दिया है। अब 16 राज्यों में BJP अकेले सत्ता में है, जबकि बिहार में जनता दल यूनाइटेड, आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी, नागालैंड में नागा पीपुल्स फ्रंट और मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी के साथ गठबंधन में सरकार चल रही है।
वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक फिलहाल देश के केवल 6 राज्यों में सत्ता में है। केरल में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बन रही है, जबकि तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस स्वतंत्र रूप से शासन कर रही है।
अगर 2014 से तुलना करें, जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तब BJP की सरकार केवल 7 राज्यों में थी और देश की लगभग 26 प्रतिशत आबादी पर उसका शासन था। उस समय गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में BJP के मुख्यमंत्री थे, जबकि अन्य राज्यों में सहयोगी दल सत्ता में थे।
विश्लेषकों का मानना है कि पिछले एक दशक में BJP का यह विस्तार भारतीय राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है, जहां पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करते हुए नए क्षेत्रों में भी प्रभाव स्थापित किया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel