प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योगपति अनिल अंबानी की संपत्ति को अटैच कर लिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार (25 फरवरी 2026) को मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित उनके 17 मंजिला आलीशान आवास ‘अबोड’ को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया।
जाँच एजेंसी के अनुसार इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई Reliance Communications (RCom) से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
PMLA के तहत कार्रवाई
ED ने यह अटैचमेंट प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत किया है। एजेंसी के मुताबिक इस मामले में अब तक कुर्क की गई कुल संपत्तियों का मूल्य करीब 15,700 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अनिल अंबानी से दोबारा पूछताछ की तैयारी
66 वर्षीय अनिल अंबानी से इस मामले में दूसरी बार पूछताछ की तैयारी की जा रही है। इससे पहले वे अगस्त 2025 में ED के सामने पेश हुए थे, जहां उनका बयान दर्ज किया गया था।
यह जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज दो FIR के आधार पर चल रही है। इन मामलों में रिलायंस अनिल अंबानी समूह की कंपनियों पर धोखाधड़ी, रिश्वतखोरी और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं।
कई ठिकानों पर छापेमारी
ED ने PMLA की धारा 17 के तहत समूह से जुड़े 35 से अधिक परिसरों पर छापेमारी की है। जांच का दायरा 50 से अधिक कंपनियों तक फैल चुका है और मुंबई तथा दिल्ली में 25 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक 2017 से 2019 के बीच Yes Bank से लिए गए करीब 3,000 करोड़ रुपये के कर्ज को कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से डायवर्ट किया गया। जांच में शेल कंपनियों के जरिए राउंड ट्रिपिंग और क्विड प्रो क्वो जैसे गंभीर आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
रिलायंस होम फाइनेंस भी जांच के घेरे में
इस मामले में Reliance Home Finance भी जांच के घेरे में है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने कॉरपोरेट लोन वितरण में असामान्य वृद्धि पर सवाल उठाए हैं।
वित्त वर्ष 2017-18 में जहां कॉरपोरेट लोन वितरण 3,742.60 करोड़ रुपये था, वहीं 2018-19 में यह बढ़कर 8,670.80 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने Reliance Communications और अनिल अंबानी को फ्रॉड घोषित किया है। बैंक का कुल एक्सपोजर 2,227.64 करोड़ रुपये फंड आधारित कर्ज और 786.52 करोड़ रुपये बैंक गारंटी के रूप में बताया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel