नोएडा | उत्तर प्रदेश
सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक डॉ. सुरेश चव्हाणके को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस धमकी के बाद नोएडा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार (26 जनवरी 2026) को सुदर्शन न्यूज़ के आधिकारिक फेसबुक मैसेंजर पर वहीद खान नामक एक फेसबुक यूज़र की ओर से धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में डॉ. सुरेश चव्हाणके को अपशब्द कहे गए और चार दिनों के भीतर उनकी हत्या करने की बात कही गई। धमकी मिलने के बाद सुदर्शन न्यूज़ की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामला नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बुधवार (28 जनवरी 2026) को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के तहत आरोपी वहीद खान के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
सूत्रों के हवाले से आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वहीद खान विदेश से सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय हो सकता है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और संबंधित एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी की लोकेशन और नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस पूरे मामले पर डॉ. सुरेश चव्हाणके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे देश और समाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी धमकी से पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही उन्होंने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से मामले में सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
नोएडा पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel