मशहूर अमेरिकी निर्देशक और अभिनेता रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल को लॉस एंजेलिस स्थित उनके घर में मृत पाया गया है। अधिकारियों की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के शरीर पर चाकू के गंभीर घाव थे। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, उन्हें दोपहर करीब 3:30 बजे मेडिकल इमरजेंसी की कॉल मिली थी। मौके पर पहुंचने पर टीम ने 78 वर्षीय रॉब रेनर और 68 वर्षीय मिशेल को मृत पाया। पुलिस ने इस घटना को दोहरे हत्याकांड के रूप में दर्ज किया है। फिलहाल लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग की रॉबरी-होमिसाइड डिविजन की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
अब तक किसी पर भी आधिकारिक तौर पर आरोप तय नहीं किए गए हैं। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस संदिग्ध हत्याकांड में रॉब रेनर के बेटे निक रेनर को “संदिग्ध व्यक्ति” माना जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उल्लेखनीय है कि स्क्रीन राइटर निक रेनर ने पहले सार्वजनिक रूप से अपनी ड्रग्स की लत और बेघर रहने के संघर्षों के बारे में बात की थी।
TMZ reports that Rob Reiner and his wife Michele Reiner are the dead bodies that were found in their home.
The bodies are reported to have knife wounds.
(https://t.co/BxIcISmdic) pic.twitter.com/UkRNgnY7xS
— Pop Base (@PopBase) December 15, 2025
इस खबर से हॉलीवुड में सनसनी फैल गई है और फिल्मी दुनिया से जुड़े कई लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं। लॉस एंजेलिस की मेयर करेन बास ने भी इस घटना को शहर के लिए बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा कि रॉब रेनर सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड के सबसे चर्चित और प्रभावशाली निर्देशकों में से एक थे।
रॉब रेनर का जन्म 6 मार्च 1947 को न्यूयॉर्क में एक यहूदी परिवार में हुआ था। उनके पिता कार्ल रेनर खुद एक प्रसिद्ध अभिनेता और कॉमेडियन थे, जिससे रॉब का फिल्म और अभिनय की दुनिया से जुड़ाव बचपन से ही रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से की और टीवी सीरियल ऑल इन द फैमिली में ‘मीटहेड’ के किरदार से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। इस भूमिका के लिए उन्हें दो एमी अवॉर्ड भी मिले।
इसके बाद रॉब रेनर ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा और हॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने दिस इज स्पाइनल टैप, स्टैंड बाय मी, द प्रिंसेस ब्राइड, व्हेन हैरी मेट सैली, मिजरी और ए फ्यू गुड मैन जैसी कई यादगार फिल्में बनाई। ए फ्यू गुड मैन को 1992 में बेस्ट पिक्चर कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला था, जिसमें जैक निकोलसन और टॉम क्रूज जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे।
अपने करियर में रॉब रेनर को कई प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान मिले, जिनमें चार गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका अवॉर्ड्स के लिए कई नामांकन शामिल हैं। उनकी निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। उन्होंने 1971 में निर्देशक और अभिनेत्री पेनी मार्शल से शादी की थी, लेकिन 1981 में दोनों का तलाक हो गया। इस शादी से उन्होंने पेनी की बेटी ट्रेसी को गोद लिया था।
इसके बाद 1989 में रॉब रेनर ने मिशेल सिंगर से शादी की। मिशेल एक अभिनेत्री और फोटोग्राफर थीं। दोनों की मुलाकात फिल्म व्हेन हैरी मेट सैली के सेट पर हुई थी। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए।
फिल्मी दुनिया के अलावा रॉब रेनर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी काफी सक्रिय रहे। वे अमेरिकी राजनीति में एक मुखर राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। साल 2024 में उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म स्पाइनल टैप के सीक्वल पर काम शुरू किया था। इसके साथ ही वे द लैरी सैंडर्स शो, द सिम्पसंस और न्यू गर्ल जैसे टीवी शोज और फिल्मों में कैमियो भूमिकाओं में भी नजर आते रहे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel