उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत के साथ ही योगी सरकार ने युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 के अंतर्गत कुल 32,679 पदों पर वैकेंसी निकाली गई है। इच्छुक अभ्यर्थी इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 30 जनवरी 2026 तक चलेगी।
आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा। इस भर्ती अभियान के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), महिला बटालियन हेतु महिला आरक्षी, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) और जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) की नियुक्तियां की जाएंगी।
उ0प्र0 पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती- 2025 के अंतर्गत कुल 32679 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञप्ति जारी कर दी गयी है। अभ्यर्थी अपना ऑनलाइन आवेदन दिनांक- 31/12/2025 से 30/01/2026 तक कर सकतें है।
आवेदन से पूर्व अभ्यर्थी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं…
— Uttar Pradesh Police Recruitment & Promotion Board (@upprpb) December 31, 2025
आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) के लिए कुल 10,469 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के 4,191, ईडब्ल्यूएस के 1,046, ओबीसी के 2,826, अनुसूचित जाति के 2,198 और अनुसूचित जनजाति के 208 पद शामिल हैं।
आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष) के लिए कुल 15,131 पद उपलब्ध हैं। इसमें अनारक्षित वर्ग के 6,060, ईडब्ल्यूएस के 1,512, ओबीसी के 4,083, अनुसूचित जाति के 3,176 और अनुसूचित जनजाति के 300 पद शामिल हैं।
आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष) के लिए कुल 1,341 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें अनारक्षित 538, ईडब्ल्यूएस 134, ओबीसी 362, अनुसूचित जाति 281 और अनुसूचित जनजाति के 26 पद हैं।
महिला बटालियन हेतु महिला आरक्षी के लिए कुल 2,282 पद निर्धारित किए गए हैं। इसमें अनारक्षित 916, ईडब्ल्यूएस 228, ओबीसी 615, अनुसूचित जाति 478 और अनुसूचित जनजाति के 45 पद शामिल हैं।
आरक्षी घुड़सवार पुलिस में केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इस श्रेणी में कुल 71 पद हैं, जिनमें अनारक्षित 30, ईडब्ल्यूएस 7, ओबीसी 19, अनुसूचित जाति 14 और अनुसूचित जनजाति का 1 पद शामिल है।
जेल वार्डर (पुरुष) श्रेणी में कुल 3,279 पद उपलब्ध हैं। इनमें अनारक्षित 1,314, ईडब्ल्यूएस 327, ओबीसी 885, अनुसूचित जाति 688 और अनुसूचित जनजाति के 65 पद शामिल हैं। वहीं जेल वार्डर (महिला) श्रेणी में कुल 106 पद हैं, जिनमें अनारक्षित 44, ईडब्ल्यूएस 10, ओबीसी 28, अनुसूचित जाति 22 और अनुसूचित जनजाति के 2 पद निर्धारित किए गए हैं।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी का भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना या समकक्ष योग्यता होना अनिवार्य है। आवेदन के समय शैक्षणिक प्रमाण पत्र की प्रति भी संलग्न करनी होगी। 12वीं की परीक्षा में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
आयु सीमा के अनुसार पुरुष अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2025 को कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 22 वर्ष होनी चाहिए। यानी उसका जन्म 2 जुलाई 2003 से पहले और 1 जुलाई 2007 के बाद नहीं हुआ होना चाहिए।
महिला अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। अर्थात 1 जुलाई 2025 को महिला अभ्यर्थी की उम्र 18 वर्ष से कम और 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उनका जन्म 2 जुलाई 2000 से पहले और 1 जुलाई 2007 के बाद नहीं होना चाहिए। हालांकि, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मापतौल परीक्षा (PST) के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel