चीन में हुए एससीओ समिट के दौरान भारत और रूस की बढ़ती दोस्ती से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ असहज नजर आए। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक में कहा कि पाकिस्तान भी रूस के साथ मजबूत रिश्ते बनाना चाहता है। इस दौरान शरीफ ने साफ कहा कि भारत के साथ रूस के संबंधों का वह सम्मान करते हैं, लेकिन पाकिस्तान भी रूस के साथ गहरी साझेदारी चाहता है, जो क्षेत्र की भलाई, प्रगति और समृद्धि के लिए फायदेमंद होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहबाज शरीफ ने पुतिन से कहा, “पिछले कई वर्षों में हमारे संबंधों में लगातार सुधार हुआ है। कई क्षेत्रों में आपकी प्रतिबद्धता और रुचि के लिए धन्यवाद। मैं अपने द्विपक्षीय संबंधों को निर्णायक रूप से मजबूत करने का इरादा रखता हूं।”
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने इस मौके पर पुतिन की जमकर तारीफ भी की। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, शरीफ ने पुतिन को एक “गतिशील नेता” बताते हुए कहा कि रूस और पाकिस्तान सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान व्यापार, ऊर्जा, कृषि, निवेश, रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में रूस के साथ संबंधों का विस्तार करना चाहता है।
बैठक में दोनों नेताओं ने दक्षिण एशिया, अफ़ग़ानिस्तान, मध्य पूर्व और यूक्रेन संघर्ष की स्थिति जैसे अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही, फ़िलिस्तीन और कश्मीर जैसे दीर्घकालिक विवादों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
आखिर में शहबाज शरीफ ने नवंबर में रूस आने और एससीओ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पुतिन के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा, “मुझे रूस आकर बहुत खुशी होगी।”
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel