पाकिस्तान की एक जवाबदेही अदालत ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में शनिवार को 17–17 साल के कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला वर्ष 2021 में सऊदी सरकार से मिले सरकारी उपहारों में कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। विशेष अदालत के न्यायाधीश शाहरुख अर्जुमंद ने रावलपिंडी स्थित उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल में इस मामले का फैसला सुनाया।
अदालत ने इमरान खान और बुशरा बीबी को पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत 10–10 साल की कैद की सजा दी है। इसके अलावा, भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दोनों को सात–सात साल का अतिरिक्त कारावास भी सुनाया गया। अदालत ने दोनों पर एक-एक करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
इस बीच, हाल ही में पाकिस्तान पुलिस ने अडियाला जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में इमरान खान की बहनों और कई समर्थकों के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि जेल में बंद इमरान खान से मिलने के लिए जब उनके रिश्तेदारों और वकीलों को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी, तो इसके विरोध में खान की बहनों और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जेल के बाहर प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान के डॉन अखबार ने रिपोर्ट किया है – "फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) की एक स्पेशल कोर्ट ने शनिवार को PTI के फाउंडर इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 केस में 17 साल की जेल की सज़ा सुनाई है। यह मामला मई 2021 में एक ऑफिशियल दौरे के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस… pic.twitter.com/5tZqoWgs87
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 20, 2025
पुलिस के अनुसार, इमरान खान की दो बहनों अलीमा खान और नोरीन नियाजी सहित पार्टी नेताओं और समर्थकों के खिलाफ रावलपिंडी के सदर बेरोनी थाने में आतंकवाद विरोधी अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बाधित हुई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
इसी बीच, जेल में बंद इमरान खान ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आसिम मुनीर की नीतियां पाकिस्तान के लिए विनाशकारी साबित हो रही हैं और उनके कारण देश में आतंकवाद नियंत्रण से बाहर हो गया है।
इमरान खान ने आरोप लगाया कि सेना प्रमुख पाकिस्तान के राष्ट्रीय हितों की बजाय पश्चिमी ताकतों को खुश करने के लिए नीतियां बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अफगानिस्तान के साथ जानबूझकर तनाव बढ़ाया गया, शरणार्थियों को निकाला गया और ड्रोन हमले किए गए, जिनके नतीजे आज बढ़ते आतंकवाद के रूप में सामने आ रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel