कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शिवाजीनगर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर सेंट मैरी पर रखने के प्रस्ताव ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस आश्वासन के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि मेट्रो स्टेशन का नाम दिवंगत कन्नड़ अभिनेता और निर्देशक शंकर नाग जैसे महान व्यक्तित्व के नाम पर क्यों नहीं रखा जा रहा, जिन्होंने बेंगलुरु में मेट्रो की परिकल्पना और वकालत की थी।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब सीएम सिद्धारमैया ने हाल ही में सेंट मैरी बेसिलिका में वार्षिक भोज के दौरान आर्कबिशप पीटर मचाडो से कहा कि सरकार पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन का नाम “सेंट मैरी” पर रखने पर विचार करेगी। उन्होंने बेसिलिका के जीर्णोद्धार के लिए आर्थिक सहयोग का वादा भी किया। सीएम ने स्पष्ट किया कि यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा और प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ेगा।
सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आई हैं। एक यूजर ने लिखा—“ये शर्मनाक है। मेट्रो स्टेशन का नाम कन्नड़ संस्कृति और योगदान देने वाले महान लोगों पर होना चाहिए, न कि सेंट मैरी पर।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि “कर्नाटक में हमारी भाषा और संस्कृति के लिए अनगिनत योगदान देने वाले लोग हैं, तो फिर सरकार बाहरी प्रभावों के नाम पर क्यों जा रही है?”
https://twitter.com/MNVGowda/status/1965319930733285702
शिवाजीनगर के विधायक रिजवान अरशद ने हालांकि इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वे औपचारिक रूप से स्टेशन का नाम शिवाजीनगर सेंट मैरी रखने का प्रस्ताव रख रहे हैं। उनके अनुसार, यह नाम पास में स्थित ऐतिहासिक सेंट मैरी बेसिलिका के सम्मान में होगा, और यात्रियों के लिए किसी तरह का भ्रम भी नहीं रहेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भविष्य में कई और स्टेशन हैं जिनका नाम शंकर नाग जैसे महान कन्नड़ हस्तियों के नाम पर रखा जा सकता है।
https://twitter.com/Sush9573/status/1965339840096149550
शंकर नाग कन्नड़ सिनेमा के बेहद लोकप्रिय अभिनेता और निर्देशक थे। 1980 के दशक में उन्होंने विदेशों में मेट्रो रेल नेटवर्क का गहन अध्ययन किया और बेंगलुरु में भी एक आधुनिक शहरी रेल परिवहन प्रणाली की वकालत की। उनका सपना था कि बेंगलुरु को सिंगापुर जैसा विकसित शहर बनाया जाए। यही कारण है कि आज लोग मानते हैं कि मेट्रो स्टेशन का नाम शंकर नाग के नाम पर रखा जाना, उनके योगदान और सपनों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel