प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन करेंगे, जिसमें वे युवाओं के विकास और कौशल संवर्धन से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी 62,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जो शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता को मजबूती प्रदान करेंगी। इस कार्यक्रम के तहत चौथा राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश भर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के 46 टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री पीएम-सेतु योजना की शुरुआत भी करेंगे, जिसकी कुल लागत लगभग 60,000 करोड़ रुपए होगी। इस योजना के अंतर्गत देश के 1,000 सरकारी ITI को हब-एंड-स्पोक मॉडल पर अपग्रेड किया जाएगा, जिसमें 200 हब ITI और 800 स्पोक ITI होंगे। हर हब आईटीआई लगभग चार स्पोक से जुड़ेगा। इन संस्थानों में आधुनिक सुविधाएँ, डिजिटल पढ़ाई, नई तकनीकी ट्रेनिंग और इनक्यूबेशन सेंटर होंगे। इसके अलावा, बड़ी इंडस्ट्री पार्टनर्स इन ITI को संचालित करेंगे, जिससे युवाओं को बाजार की जरूरतों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण मिलेगा।
बिहार के लिए इस कार्यक्रम में कई खास पहलें भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री पहले चरण में पटना और दरभंगा के ITI पर विशेष ध्यान देंगे। इसके अलावा, बिहार की मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में बदलाव करके इसे फिर से शुरू किया जाएगा, जिसके तहत 5 लाख ग्रेजुएट्स को 2 साल तक हर महीने 1,000 रुपए भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री बिहार में जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगे, जो युवाओं को इंडस्ट्री के अनुकूल शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसके अलावा, बिहार के चार विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक और रिसर्च सुविधाओं की आधारशिला रखी जाएगी, और पटना के पास बिहटा में एनआईटी पटना के नए कैंपस का उद्घाटन भी किया जाएगा।
देशभर में युवाओं के कौशल और व्यावसायिक प्रशिक्षण को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बनाए गए 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं (Vocational Skill Labs) का भी उद्घाटन करेंगे। ये प्रयोगशालाएँ नवोदय विद्यालयों और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित की गई हैं, जो विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, नवाचार और उद्योग के अनुकूल कौशल हासिल करने का अवसर देंगी। इस पूरी पहल का उद्देश्य भारत के युवाओं को रोजगार योग्य, आत्मनिर्भर और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है, जिससे शिक्षा और उद्योग के बीच एक मजबूत सेतु बन सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel