भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन देश और दुनिया में उत्सव और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बुधवार (17 सितंबर 2025) को दुबई की दुनिया की सबसे ऊँची इमारत बुर्ज खलीफा को पीएम मोदी की तस्वीरों और शुभकामनाओं से जगमगाया गया। इस मौके पर ‘Happy Birthday’, ‘75 Years’, ‘सेवा ही संकल्प’ और ‘India First – The Inspiration’ जैसे संदेश आसमान तक फैले दिखे। यह नजारा देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी और कई लोगों ने इसे कैमरे में कैद किया।
#WATCH | Dubai's Burj Khalifa illuminated tonight with the images of PM Narendra Modi, on the occasion of his 75th birthday. pic.twitter.com/gamw6cRaoq
— ANI (@ANI) September 17, 2025
पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर दुनियाभर से शुभकामनाएँ मिलीं। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने हिंदी, अरबी और अंग्रेजी में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फोन पर शुभकामनाएँ दीं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लेयन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत कई वैश्विक नेताओं ने भी उन्हें बधाई संदेश भेजे। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भी उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
विदेशों के साथ-साथ भारत में भी पीएम मोदी का जन्मदिन धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के बीच मनाया गया। श्रीलंका के कोलंबो में बोहरा मुस्लिम समुदाय ने मस्जिद में उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए विशेष दुआ की। उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान हुए। दशाश्वमेध घाट पर 108 वैदिक आचार्यों ने दुग्धाभिषेक और मंत्रोच्चार किया। शाम को नमो घाट पर विशेष गंगा आरती आयोजित की गई। जयापुर गाँव में ग्रामीणों ने पंचायत भवन में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर और केक काटकर उत्सव मनाया।
On PM @narendramodi's 75th birthday, special prayers were held at the Bohra Mosque in Colombo with community members wishing him health, long life, and continued success in serving India.#SevaParv #ModiBirthday #PMModiBirthday #SewaPakhwada #75thBirthday pic.twitter.com/fl6P2nwZcQ
— DD News (@DDNewslive) September 17, 2025
काशी विश्वनाथ मंदिर में साधु-संतों ने सहस्रार्चन (1,100 कमल पुष्पों से पूजा) और महरुद्राभिषेक किया। इस अनुष्ठान में प्रधानमंत्री मोदी के स्वास्थ्य, देश की समृद्धि और विश्व शांति की प्रार्थना की गई। इसके अलावा अस्पतालों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में फलों का वितरण कर जरूरतमंदों के बीच खुशियाँ बाँटी गईं।
इस अवसर पर पीएम मोदी को मिले उपहारों की ई-नीलामी भी शुरू हो गई है, जो 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। “PMMementos” वेबसाइट पर आयोजित इस सातवें संस्करण की नीलामी में 1,300 से अधिक उपहार शामिल हैं, जिनमें पेंटिंग्स, कलाकृतियाँ, मूर्तियाँ और खेल-संबंधी वस्तुएँ प्रमुख हैं। नीलामी से प्राप्त धनराशि नमामि गंगे परियोजना को दी जाएगी, जो गंगा नदी की सफाई और संरक्षण के लिए चलाई जा रही है।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि जनवरी 2019 से शुरू हुई इस पहल के तहत अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए जा चुके हैं। खास बात यह है कि नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने सभी उपहार समाजसेवा और गंगा संरक्षण जैसे कार्यों के लिए समर्पित किए हैं।