कर्नाटक के कलबुर्गी में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के लोकप्रिय गाने “Fa9la” पर बनाई गई इस रील में कांग्रेस विधायक के करीबी माने जाने वाले मतीन पटेल कथित तौर पर हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कलबुर्गी के पुलिस कमिश्नर शरणप्पा एसडी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति हथियार लहराता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान से परिचित है और अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पता लगाया जाए कि वीडियो कहां शूट किया गया और यह किस पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
कांग्रेस नेता मतीन पटेल का 'गन कल्चर' वीडियो वायरल, भारी विवाद!
अफजलपुर विधायक एम.वाई. पाटिल के करीबी मतीन पटेल फिल्म 'धुरंधर' गाने पर समर्थकों के साथ बंदूकें थामे डांस और पोज देते दिखे।
सार्वजनिक जगह पर हथियार दिखाना गैरकानूनी, समाज में गलत संदेश। जनता आक्रोशित, पुलिस जांच… pic.twitter.com/kXEuit4reA
— One India News (@oneindianewscom) February 11, 2026
पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि जांच में यह भी देखा जाएगा कि वीडियो में इस्तेमाल किया गया हथियार असली है या नहीं। यदि हथियार असली पाया जाता है, तो यह जांच की जाएगी कि वह लाइसेंसी था या नहीं। लाइसेंसी होने की स्थिति में भी यह देखा जाएगा कि कहीं हथियार के उपयोग में नियमों या शर्तों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि हथियार अवैध पाया गया, तो शस्त्र अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में मतीन पटेल को एक काली एसयूवी से उतरते हुए और अपने साथियों के साथ डांस करते हुए आगे बढ़ते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह दृश्य फिल्म ‘धुरंधर’ के एक लोकप्रिय सीन से प्रेरित है, जिसमें अभिनेता अक्षय खन्ना द्वारा निभाया गया किरदार हथियारों के साथ एंट्री करता है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel