सूरत में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता श्रवण जोशी की गिरफ्तारी का मामला चर्चा में है। सूरत एसओजी (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) ने आप यूथ विंग के महामंत्री श्रवण जोशी को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला सूरत शहर के लिंबायत इलाके का है, जहां सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सस्ती अनाज की दुकान के मालिक निलेश मोरे ने श्रवण जोशी और उनके एक साथी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बदनाम करने और दुकान का लाइसेंस सस्पेंड करवाने की धमकी देकर उनसे एक लाख रुपये की जबरन वसूली की गई।
दुकान मालिक के अनुसार, 13 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे श्रवण जोशी अपने साथी के साथ दुकान पर आए थे। दोनों ने कालाबाजारी करने, ग्राहकों को कम राशन देने और लाइसेंस रद्द करवाने की धमकी दी। इस दौरान उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाया और ग्राहकों को भड़काने की कोशिश की, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
शिकायत में आगे बताया गया कि कुछ दिनों बाद श्रवण जोशी का साथी दोबारा दुकान पर आया और कहा कि अगर दुकान नियमित रूप से चलानी है तो एक लाख रुपये की रंगदारी देनी होगी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर दुकानदार ने पुलिस का रुख किया।
सूरत एसओजी के डीसीपी राजवीर सिंह नकुम ने बताया कि इस मामले में श्रवण जोशी, उनके साथी संपत चौधरी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि वे सस्ता अनाज की दुकान पर जाकर यह धमकी देते थे कि सरकार के राशन की कालाबाजारी हो रही है और गरीबों को कम अनाज दिया जा रहा है। पैसे न देने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, जब दुकानदार ने श्रवण जोशी को पैसे दिए, तो उसने सबूत के तौर पर इसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस ने श्रवण जोशी और उनके साथी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं आम आदमी पार्टी के सूरत शहर अध्यक्ष धर्मेश भंडेरी ने गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने दावा किया कि श्रवण जोशी सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे थे, इसलिए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel