प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। उनका यह बंगाल दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नादिया जिले के राणाघाट में लगभग 3,200 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और एक परियोजना का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के 66.7 किलोमीटर लंबे बरजागुली–कृष्णनगर खंड के चार लेन निर्माण कार्य का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे उत्तर 24 परगना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के 17.6 किलोमीटर लंबे बारासात–बरजागुली खंड के चार लेन निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। ये दोनों परियोजनाएं कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में काम करेंगी।
इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के पूरा होने से यात्रा का समय लगभग दो घंटे तक कम हो जाएगा। इससे वाहनों की आवाजाही तेज और अधिक सुगम होगी। साथ ही, इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है और पूरे इलाके में पर्यटन के विकास को भी गति मिलेगी।
पीएम मोदी के नादिया दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नदिया जिले के ताहेरपुर में जनसभा स्थल के बाहर हजारों की संख्या में लोग जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री आज अपने संबोधन के दौरान SIR के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साध सकते हैं।
जनसभा में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी प्रधानमंत्री का भाषण सुनने पहुंचे हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना में विश्वास रखते हैं, इसी वजह से वे आज उन्हें सुनने के लिए यहां एकत्र हुए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel