उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। डॉक्टरों ने जिस महिला को लगभग ब्रेन डेड मान लिया था और जिसके अंतिम संस्कार की तैयारी घर पर शुरू हो चुकी थी, उसी महिला की सांस अचानक एंबुलेंस में लौट आई। इलाज के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर वापस पहुंच चुकी है।
जानकारी के मुताबिक पीलीभीत के गोकुलपुरम कॉलोनी में रहने वाली विनीता शुक्ला 22 फरवरी को अचानक अपने घर में बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद गंभीर बताई।
जिला अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने विनीता शुक्ला को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवार वाले उन्हें एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक विनीता शुक्ला की सांस चलने लगी और उनकी हालत में सुधार के संकेत मिलने लगे।
यह देखकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की देखरेख में कुछ दिनों के इलाज के बाद विनीता शुक्ला की हालत पूरी तरह सामान्य हो गई।
परिजनों के मुताबिक जिस महिला को लगभग मृत मान लिया गया था और जिसके अंतिम संस्कार की तैयारी तक शुरू हो चुकी थी, वह अब स्वस्थ होकर घर लौट आई हैं। इस घटना को लेकर इलाके में भी काफी चर्चा हो रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel