पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनकी उम्र लगभग 62 वर्ष बताई जा रही है। मौत की पुष्टि जैश-ए-मोहम्मद के आधिकारिक चैनल के माध्यम से हुई, लेकिन संगठन ने कारण स्पष्ट नहीं किया।
ताहिर अनवर की मौत बहावलपुर, पाकिस्तान में हुई। उन्हें सोमवार (30 मार्च 2026) देर रात मरकज उस्मान-ओ-अली परिसर की मस्जिद में दफन किया गया। नमाज-ए-जनाजा में संगठन के बड़े नेता मौजूद थे, जिनमें मसूद अजहर, इब्राहिम अजहर, तल्हा अल सैफ, अब्दुर रऊफ और मोहम्मद अम्मार अलवी शामिल थे।
जैश-ए-मोहम्मद में ताहिर अनवर का बड़ा रोल
ताहिर अनवर संगठन के सैन्य मामलों के प्रमुख थे। उन्होंने पिछले दो दशकों में कई ट्रेनिंग कैंपों की स्थापना और संचालन, हथियारों की सप्लाई और लॉजिस्टिक्स में अहम भूमिका निभाई। जैश में शामिल होने से पहले वह पोल्ट्री फार्मिंग करते थे और 12 भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।
भारत के ऑपरेशन सिंदूर में घायल
रिपोर्ट्स के अनुसार, ताहिर अनवर पहले भी भारतीय कार्रवाई में घायल हो चुके थे। भारत ने बहावलपुर में हवाई हमले किए थे, जो ऑपरेशन सिंदूर के तहत हुए। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। उस हमले में उनका बेटा हम्माद भी घायल हुआ था।
मोहम्मद ताहिर अनवर की मौत के बाद जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के बीच नया संकट पैदा होने की संभावना जताई जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel