मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक परिवार ने कथित तौर पर अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को सजा देने के लिए कानून अपने हाथ में ले लिया। आरोप है कि जेल से जमानत पर बाहर आए 24 वर्षीय आरोपी विश्वास उर्फ छोटू गुर्जर की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। आरोप है कि पीड़िता के परिवार ने पहले आरोपी को अगवा किया, उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को निर्वस्त्र कर कुएं में फेंक दिया गया।
रेप का आरोपी जेल से छूटने के बाद रेप पीड़िता को परेशान कर रहा था, पीड़िता के भाई, पिता, जीजा समेत चार लोगों ने रेपिस्ट को अगवा कर 35 किमी दूर ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दिया फिर निर्वस्त्र करके लाश को कुएं में फेंक दिया।
इसके बाद चारो लोग मंदिर में छिपकर भंडारा खाते थे अब चारों… pic.twitter.com/DYBvPriOFK
— Deepesh Patel (@Deepeshpatel87) April 16, 2026
35 किलोमीटर दूर ले जाकर की गई हत्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 12 अप्रैल की रात आरोपी को शादी का झांसा देकर घर से बुलाया गया। इसके बाद उसे कार में बैठाकर करीब 35 किलोमीटर दूर नंदवाड़ा ले जाया गया, जहां सुनसान इलाके में उसके हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इसके बाद कथित रूप से उसकी आंखें फोड़कर गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
शव कुएं में फेंका, मंदिर में छिपे आरोपी
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़िता के पिता, भाई और जीजा समेत चारों आरोपी रायसेन जिले के छींद स्थित हनुमान धाम मंदिर में छिप गए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए तीन दिनों तक मंदिर में छिपे रहे। बाद में मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने सभी चारों को गिरफ्तार कर लिया।
अपहरण और दुष्कर्म का था मामला
मृतक विश्वास गुर्जर पर पीड़िता का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप था। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस का कहना है कि परिवार का दावा है कि आरोपी रिहाई के बाद उन्हें लगातार धमका रहा था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने कुएं से शव बरामद कर लिया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel