भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। इस बार दोनों वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। बताया जा रहा है कि यह खास दौरा उनके बेटे अकाय के जन्मदिन के अवसर पर हुआ, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
आध्यात्मिक झुकाव के लिए मशहूर है कपल
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंबे समय से आध्यात्मिक यात्राओं और संतों के दर्शन के लिए जाने जाते हैं। दोनों अक्सर वृंदावन के प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचते रहे हैं। सोमवार सुबह दोनों केली कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने निजी आध्यात्मिक वार्ता की और कीर्तन में भी हिस्सा लिया।
आश्रम में उनकी मौजूदगी बेहद सादगीपूर्ण और निजी माहौल में रही। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में दोनों संत के साथ भक्ति वातावरण में नजर आए।

बेटे अकाय के जन्मदिन के आसपास हुआ दौरा
सूत्रों के मुताबिक, यह यात्रा उनके बेटे अकाय के जन्मदिन (15 फरवरी) के आसपास की गई। इससे पहले सोमवार सुबह इस कपल को मुंबई एयरपोर्ट पर दिल्ली रवाना होते हुए भी देखा गया था। उनके सादे लुक और शांत व्यवहार ने फैंस का ध्यान खींचा।
पहले भी वृंदावन में कर चुके हैं आध्यात्मिक चर्चा
पिछले साल दिसंबर में भी विराट और अनुष्का वृंदावन के भजन मार्ग स्थित आश्रम पहुंचे थे। उस दौरान साझा किए गए वीडियो में प्रेमानंद जी महाराज ने उन्हें जीवन को ईश्वर की सेवा के रूप में देखने, विनम्रता और भक्ति के साथ जीवन जीने तथा भगवान के नाम का जाप करने की सलाह दी थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
अलीबाग में महंगी जमीन खरीद को लेकर भी चर्चा
आध्यात्मिक यात्राओं के अलावा यह स्टार कपल हाल ही में अलीबाग में प्रॉपर्टी निवेश को लेकर भी सुर्खियों में रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने रायगढ़ जिले के जिराड गांव में समुद्र तट के पास 37.86 करोड़ रुपये में पांच एकड़ से अधिक जमीन खरीदी है। इस सौदे पर करीब 2.27 करोड़ रुपये स्टाम्प ड्यूटी और 30,000 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस दी गई।
परिवार और निजी जीवन
विराट और अनुष्का का विवाह 11 दिसंबर 2017 को इटली के टस्कनी में हुआ था। दोनों बेटी वामिका (जन्म 11 जनवरी 2021) और बेटे अकाय (जन्म 15 फरवरी 2024) के माता-पिता हैं। व्यस्त करियर के बावजूद यह जोड़ी समय-समय पर आध्यात्मिक स्थलों का दौरा कर आत्मिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश करती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel