खालिस्तानी आतंकी और अमेरिका में बसे संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के जनरल काउंसल गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कड़ी कार्रवाई की है। पन्नू पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने 15 अगस्त 2025 को लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तिरंगा फहराने से रोकने के लिए सिख सैनिकों को भड़काने की कोशिश की थी। इसके लिए उसने 11 करोड़ रुपए का इनाम देने का भी ऐलान किया था।

NIA की FIR के मुताबिक, 10 अगस्त को SFJ के आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो में पन्नू ने न केवल सिख सैनिकों को उकसाया बल्कि “दिल्ली बनेगा खालिस्तान” नाम से एक नक्शा भी जारी किया। इस नक्शे में उसने पंजाब, दिल्ली, हिमाचल और उत्तर प्रदेश को अपने तथाकथित खालिस्तान का हिस्सा बताया।
एजेंसी ने कहा कि पन्नू की यह हरकतें भारत की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा पर सीधा हमला हैं। वह सिख समुदाय में भारत के खिलाफ नफरत फैलाने और अलगाववादी भावनाएं भड़काने की कोशिश कर रहा है। FIR में यह भी दर्ज है कि पन्नू ने पाकिस्तान के लाहौर प्रेस क्लब से वीडियो लिंक के जरिए पत्रकारों को संबोधित किया और भारत की संप्रभुता को खुलेआम चुनौती दी।
अब उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं 10 और 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। NIA का मानना है कि पन्नू की यह गतिविधियां न केवल खालिस्तानी एजेंडा फैलाने का प्रयास हैं, बल्कि पड़ोसी देशों की मदद से भारत की आंतरिक सुरक्षा को अस्थिर करने की साजिश भी हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel