विस्कॉन्सिन (अमेरिका) की 14 साल की जूजा बेइन (Zuza Beine) ने अपनी छोटी सी जिंदगी में ऐसा अध्याय लिख दिया, जिसे दुनिया कभी भूल नहीं पाएगी। महज तीन साल की उम्र में उसे एक्यूट मायलॉयड ल्यूकेमिया (AML) जैसी गंभीर बीमारी का पता चला। इसके बाद के 11 साल उसने अस्पताल, इलाज, दर्द और संघर्ष में गुजारे। सोमवार सुबह उसने इस दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन अपने पीछे साहस और मुस्कान की ऐसी कहानी छोड़ गई, जो लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन गई।
जूजा ने अपने आखिरी दिनों तक खुलकर अपनी भावनाएं और संघर्ष सोशल मीडिया पर साझा किए। उसने बताया था कि वह लगातार दवाओं पर निर्भर है और उसका शरीर इतना दर्द झेल रहा है कि चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद, उसने हर पोस्ट और वीडियो में लोगों को जीवन के छोटे-छोटे पलों की अहमियत समझाई। उसका कहना था कि कैंसर ने उसे सिखाया है कि अच्छा खाना, नए हेयरस्टाइल, परिवार और पालतू जानवर ही असली खुशियां हैं।
उसकी पहचान बनी उसकी इंस्टाग्राम सीरीज़ “Get Ready With Me (GRWM)” वीडियोज, जहां वह मेकअप, स्किनकेयर या हेयरस्टाइल करते हुए अपनी जर्नी शेयर करती थी। इन वीडियोज ने उसे दुनिया भर में लोकप्रिय बना दिया और 18 लाख से ज्यादा लोग उसके अकाउंट zuzas_way_to_healing से जुड़ गए। जूजा ने अपनी सादगी, ईमानदारी और मासूमियत से हर उम्र के लोगों को जोड़ा।
जूजा के परिवार ने उसकी विदाई की खबर साझा करते हुए लिखा कि उसने अपने 14 में से 11 साल कैंसर से लड़ते हुए गुजारे, लेकिन इस दौरान उसने सबको जीवन का असली अर्थ समझा दिया। परिवार ने फूलों की बजाय उसके हाल ही में गुजर चुके अंकल के परिवार के लिए दान करने की अपील की।
दुनियाभर के लोग उसकी मौत से गमगीन हैं। सोशल मीडिया पर लगातार संदेश आ रहे हैं कि उसकी मुस्कान और हिम्मत ने लाखों दिलों को छुआ है। बहुत से लोग लिख रहे हैं कि वे अपने आँसू रोक नहीं पा रहे हैं।
जूजा भले ही अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसने अपने छोटे जीवन में लोगों को सिखाया कि कठिनाइयों के बीच भी मुस्कुराना और आभारी रहना कितना जरूरी है। उसकी जर्नी और उसका साहस हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel