कर्नाटक के बेंगलुरु के पास नेलमंगला क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उनके मानसिक रूप से अस्वस्थ पति के सामने बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस कार्रवाई के दौरान घटनास्थल पर ही भीड़ में शामिल होकर तमाशा देखता रहा।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना नेलमंगला के हीरापुर इलाके के कोटे बीडी क्षेत्र की है। मृतक महिला शोभा अपने पति रंगनाथ के साथ अकेली रहती थीं। रंगनाथ पिछले 15 वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। दंपत्ति की कोई संतान नहीं थी। रोजाना की तरह दोनों सुबह की सैर के बाद घर लौटे थे।
दोपहर में जब एक डॉक्टर फिजियोथेरेपी के लिए उनके घर पहुंचे, तब इस भयावह घटना का खुलासा हुआ। घर के अंदर शोभा खून से लथपथ पड़ी थीं, जबकि उनके पति को घटना का पूरा अंदाजा भी नहीं था।

कर्ज चुकाने के लिए हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस हत्या के पीछे शिवकुमार नाम का एक थोक दुकान मालिक है, जिस पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस के अनुसार आरोपी रात करीब 1:03 बजे घर में घुसा और शोभा के पति के सामने ही उनका गला रेत दिया। नकदी न मिलने पर उसने महिला के मंगलसूत्र, चूड़ियां और अन्य गहने लूट लिए। लगभग 450 ग्राम सोना चोरी हुआ, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
भीड़ में छिपकर देखता रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी खुद को बचाने के लिए घटनास्थल के पास मौजूद भीड़ में शामिल हो गया और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता रहा। बाद में वह अपने एक्टिवा स्कूटर से चुपचाप वहां से निकल गया।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
इलाके में लगे CCTV कैमरों ने आरोपी की पहचान उजागर कर दी। फुटेज में वह वारदात के बाद बाइक से भागता हुआ दिखा। पुलिस ने स्कूटर नंबर ट्रैक कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किया गया है। नेलमंगला टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel