श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने घोषणा की है कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर 2025 को भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस विशेष अवसर को ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ नाम दिया गया है। ट्रस्ट के अनुसार, यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद अहम होगा और इसे ऐतिहासिक रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।
इस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण राम मंदिर परिसर में बने सातों उप-मंदिरों के शिखरों पर ध्वज फहराया जाना होगा। अब इन सभी उप-मंदिरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
ट्रस्ट ने बताया कि आयोजन की अंतिम रूपरेखा शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को होने वाली बैठक में तय की जाएगी। उम्मीद है कि रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सातों उप-मंदिरों के शिखरों पर झंडा फहराएंगे। इन उप-मंदिरों में भगवान शिव, सूर्य देव, गणपति, हनुमान, भगवती, माता अन्नपूर्णा और शेषावतार (लक्ष्मण) के मंदिर शामिल हैं।
ट्रस्ट ने यह भी याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2025 को अयोध्या दौरे के दौरान मुख्य राम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया था। उस समय सातों उप-मंदिरों पर भी ध्वजारोहण की योजना थी, लेकिन निर्माण और सजावट का कार्य पूरा न होने के कारण इसे टाल दिया गया था।
अब सभी सातों उप-मंदिरों का निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जिसके बाद ध्वजारोहण का फैसला लिया गया है। ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ समारोह की तैयारियां 31 दिसंबर से पहले ही शुरू हो जाएंगी। धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत 27 दिसंबर 2025 से होगी, जिसमें ध्वज पूजा समेत अन्य विधि-विधान शामिल होंगे। ट्रस्ट ने बताया कि झंडों की डिजाइन को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel