राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में कथित तौर पर धर्मांतरण की गतिविधियों को लेकर लगातार चिंताएँ सामने आ रही हैं। ताजा मामला भारत–पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर कस्बे का है, जहाँ एक किराए के मकान में गुपचुप तरीके से चल रही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से जर्मनी के एक दंपति समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि ये लोग स्थानीय लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 22 स्थित लक्कड़ मंडी इलाके में हुई। स्थानीय लोगों को श्रीगुरुनानक दरबार के पास बने एक किराए के मकान में लंबे समय से संदिग्ध आवाजाही पर शक था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि मकान के भीतर धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियाँ चल रही हैं। इसके बाद डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ देर रात मौके पर पहुँचे।
पुलिस के अनुसार, छापे के दौरान मकान के अंदर एक तरह का ‘छोटा चर्च’ बना हुआ पाया गया, जहाँ विदेशी नागरिकों के साथ कुछ अन्य लोग मौजूद थे। यहीं कथित तौर पर धार्मिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं।
मौके से जर्मनी निवासी स्वैन बॉज बेट जेलर और उनकी पत्नी संदरा को हिरासत में लिया गया है। इनके अलावा कर्नाटक के संतोष वर्गीस, केरल के मैथ्यू और स्थानीय निवासी राजेश कंबोज व बलजिंदर सिंह को भी पुलिस ने पकड़ा है।
चूंकि श्रीकरणपुर क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने के कारण संवेदनशील और प्रतिबंधित श्रेणी में आता है, इसलिए विदेशी नागरिकों को यहाँ आने के लिए विशेष अनुमति लेना अनिवार्य होता है। प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि जर्मन दंपति ने किसी भी तरह की पूर्व अनुमति नहीं ली थी और कथित गतिविधियाँ पूरी तरह छिपकर की जा रही थीं।
पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में इस तरह की गुप्त गतिविधियाँ धार्मिक तनाव को जन्म दे सकती हैं। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पदाधिकारियों ने भी पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। संगठन का आरोप है कि हिरासत में लिए गए लोग गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को प्रलोभन देकर उनका धर्मांतरण कराने का प्रयास कर रहे थे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel