थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी मुकदाहान प्रांत में गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहाँ 11 साल के एक नाबालिग बच्चे द्वारा चलाई जा रही पिकअप ट्रक तीर्थ यात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के समूह में जा घुसी। इस हादसे में 9 भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 8 से 10 के बीच बताई गई है, इसलिए अंतिम आधिकारिक आँकड़े की प्रतीक्षा की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मुकदाहान प्रांत के करीब 35 बौद्ध भिक्षु लगभग 260 किलोमीटर लंबी पैदल तीर्थ यात्रा पर निकले थे। यह यात्रा मुकदाहान से उबोन रत्चाथानी प्रांत की ओर जा रही थी। यात्रा शुरू हुए करीब 30 मिनट ही हुए थे कि अचानक एक पिकअप ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे भिक्षुओं के समूह से टकरा गई।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, पाँच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 13 से अधिक भिक्षु घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
Horrific!
9 Buddhist monks have been killed after a pickup truck allegedly driven by an 11-year-old boy crashed into a religious procession in Thailand pic.twitter.com/c1pkNhy2u9
— Sneha Mordani (@snehamordani) July 3, 2026
स्थानीय बचाव दल द्वारा साझा किए गए CCTV फुटेज में भिक्षु सड़क किनारे एक कतार में शांतिपूर्वक चलते दिखाई देते हैं। इसी दौरान पिकअप ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क से उतरती है और सीधे उनके बीच जा घुसती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन हादसे से पहले ही सड़क पर लहराता हुआ चल रहा था।
पुलिस ने पिकअप ट्रक चला रहे 11 साल के नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है। चूँकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उससे पूछताछ बाल संरक्षण अधिकारियों की मौजूदगी में की जाएगी। पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि बच्चे को वाहन तक पहुँच कैसे मिली और इतनी कम उम्र में वह ट्रक लेकर सड़क पर कैसे निकला।
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग लड़का अपने परिवार के घर से पिकअप ट्रक लेकर निकला था और करीब 10 किलोमीटर चलाने के बाद यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने अभी तक आरोप तय नहीं किए हैं, क्योंकि दुर्घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी की जाँच जारी है।
इस हादसे ने थाईलैंड में सड़क सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस वाहन की तकनीकी स्थिति, हादसे से पहले की गति, ड्राइविंग पैटर्न और परिवार की संभावित लापरवाही की भी जाँच कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के माता-पिता पर लापरवाही से जुड़े आरोपों की संभावना भी जाँच के दायरे में हो सकती है।
बौद्ध बहुल थाईलैंड में भिक्षुओं का समाज में विशेष सम्मान है। ऐसे में तीर्थ यात्रा पर निकले भिक्षुओं के साथ हुए इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों, मठों और घायल भिक्षुओं को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel