जून 2025 में भारत की बेरोजगारी दर 5.6 प्रतिशत पर स्थिर रही, जो मई के आंकड़ों के समान है और अप्रैल के 5.1 प्रतिशत की तुलना में थोड़ा अधिक है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी मासिक आवधिक श्रमबल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के मुताबिक, वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) के अंतर्गत देश में सभी आयु वर्ग के लिए बेरोजगारी दर में कोई बदलाव नहीं हुआ। पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए यह दर राष्ट्रीय स्तर पर 5.6 प्रतिशत रही। हालांकि 15-29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में बेरोजगारी दर जून में बढ़कर 15.3 प्रतिशत हो गई, जो मई में 15 प्रतिशत थी।
शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर जून में बढ़कर 18.8 प्रतिशत पहुंच गई, जबकि मई में यह 17.9 प्रतिशत थी। ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर मई के 13.7 प्रतिशत से मामूली बढ़कर 13.8 प्रतिशत हो गई। 15-29 वर्ष की महिलाओं की बेरोजगारी दर भी बढ़कर 17.4 प्रतिशत हो गई, जबकि मई में यह 16.3 प्रतिशत थी। वहीं, पुरुषों में यह दर मई के 14.5 प्रतिशत से बढ़कर जून में 14.7 प्रतिशत दर्ज की गई।
श्रमबल भागीदारी दर (एलएफपीआर) जून में 54.2 प्रतिशत रही, जो मई में 54.8 प्रतिशत थी। ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 56.1 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 50.4 प्रतिशत रही। एलएफपीआर में यह मामूली गिरावट कृषि गतिविधियों के मौसमी रुझानों, भीषण गर्मी और कुछ श्रमिकों के घरेलू कामों की ओर लौटने के कारण देखी गई।
कृषि क्षेत्र में ग्रामीण महिला श्रमिकों की हिस्सेदारी भी घटकर 69.8 प्रतिशत रह गई, जो मई में 70.2 प्रतिशत थी। डब्ल्यूपीआर यानी श्रमिक जनसंख्या अनुपात में भी मामूली गिरावट देखी गई। इस सर्वेक्षण में कुल 3.80 लाख लोगों और करीब 89,493 परिवारों ने भाग लिया, जिसमें 49,335 ग्रामीण और 40,158 शहरी परिवार शामिल थे।