उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने के आरोप में मौलाना अब्दुल्ला सलीम को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के बाद की गई, जिसमें मौलाना रमजान के दौरान एक धार्मिक जलसे में विवादित टिप्पणी करता नजर आया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौलाना अब्दुल्ला सलीम बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट क्षेत्र का निवासी है। यूपी STF ने उसे पूर्णिया जिले के दलमालपुर चौक इलाके से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद कानूनी ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर उसे कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है।
इस मामले की पुष्टि अमौर सीट से AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान ने भी की है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं था कि मौलाना को अगवा किया गया है या पुलिस ने हिरासत में लिया है। बाद में स्थानीय पुलिस से संपर्क करने पर पुष्टि हुई कि यूपी STF ने विधिसम्मत तरीके से उसे गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 6 मार्च को मौलाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करता नजर आया। यूपी में लागू गौकशी विरोधी कानूनों की आलोचना करते हुए मौलाना ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
वीडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश में कई हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में मौलाना सलीम के खिलाफ राज्य भर में 120 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।
फिलहाल यूपी पुलिस मौलाना से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस अलर्ट पर हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel