क्रिसमस की रात करीब 12 बजे बेंगलुरु के बीटीएम लेआउट इलाके में एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवती सड़क के दाहिनी ओर स्कूटी से जा रही है, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उसका पीछा कर रहे हैं। यह पूरी वारदात पीछे चल रही एक कार के कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना 25 दिसंबर की आधी रात को हुई, जब सड़क पर अन्य वाहन भी मौजूद थे। महिला हेलमेट पहने स्कूटी चला रही थी और वीडियो में ऐसा प्रतीत होता है कि बाइक सवार युवक उसे कुछ कहते हुए लगातार उसका पीछा कर रहे हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर युवती का करीब दो से ढाई किलोमीटर तक पीछा किया। वीडियो में साफ दिखता है कि आरोपियों को किसी तरह का डर नहीं था और वे बार-बार अपनी बाइक महिला की स्कूटी के बेहद करीब ले जाते हैं।
बेंगलुरु : देर रात सुनसान सड़क पर अकेली लड़की को छेड़ने लगे, मनचलों की करतूत का वीडियो #Bengaluru #ViralVideo #Molestation #StreetHarassment #WomenSafety #ViralVideo
[ Bengaluru, Molestation, Harassment, Girl, ViralVideo ] pic.twitter.com/pV8VW9KbbW
— One India News (@oneindianewscom) December 27, 2025
सुनसान सड़क पर आधी रात को पीछा किए जाने से युवती के डरे होने की आशंका जताई जा रही है। वीडियो में यह भी नजर आता है कि लड़कों को देखकर महिला अपनी स्कूटी की रफ्तार धीमी कर देती है, और उसके बाद आरोपी भी अपनी बाइक की स्पीड कम कर लेते हैं। जानकारी के अनुसार, युवक करीब 5 से 10 मिनट तक महिला का पीछा करते रहे, जो उसके लिए किसी मानसिक यातना से कम नहीं था।
हालांकि, इस मामले में अभी तक पीड़िता की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सुद्धगुंटा पाल्या पुलिस ने बताया कि उन्होंने मोटरसाइकिल का नंबर पहचान लिया है, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के तहत तीनों युवकों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जाएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel