अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर ज़ेलेंस्की की रविवार को प्रस्तावित मुलाकात से पहले रूस ने यूक्रेन पर भीषण हमला किया है। बताया जा रहा है कि यह हमला ट्रंप की शांति योजना को लेकर जनमत संग्रह कराने की तैयारी के कुछ ही घंटों बाद किया गया। शनिवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू किए, जिससे शहर तेज धमाकों से दहल उठा। हालांकि, अब तक किसी के मारे जाने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रूसी हमलों के बाद कीव समेत कई इलाकों में बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हमले के चलते राजधानी अंधेरे में डूब गई और आम जनजीवन प्रभावित हुआ। यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय रही और कई हमलों को नाकाम करने का दावा किया गया है, लेकिन इसके बावजूद मिसाइल और ड्रोन हमलों की तीव्रता काफी अधिक बताई जा रही है।
यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस के बड़े मिसाइल हमले के बीच बड़ा ब्लैकआउट#KyivBlackout #RussiaUkraineWar #MissileAttack #KyivUnderFire #UkraineCrisis
[ Kyiv, Blackout, MissileAttack, Russia, Ukraine ] pic.twitter.com/2TkyZb3wJz
— One India News (@oneindianewscom) December 27, 2025
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब कुछ घंटे पहले ही राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी मीडिया संस्था एक्सिओस से बातचीत में कहा था कि अगर रूस 60 दिनों के युद्धविराम पर सहमत होता है, तो यूक्रेन ट्रंप की शांति योजना पर जनमत संग्रह कराने को “तैयार” है। ज़ेलेंस्की के अनुसार, अमेरिका और यूक्रेन के बीच समझौते के अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है और इन्हें पांच अलग-अलग दस्तावेज़ों में दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा गारंटी के मुद्दे को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है।
ज़ेलेंस्की रविवार को फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक से ठीक एक दिन पहले किया गया रूसी हमला यूक्रेन पर दबाव बनाने की रणनीति हो सकता है, ताकि वह शांति वार्ता में रूस की अधिकतर शर्तों को मानने के लिए मजबूर हो जाए। ज़ेलेंस्की ने साफ किया है कि किसी भी वैध जनमत संग्रह के लिए कम से कम 60 दिनों का युद्धविराम जरूरी है, जिसे उन्होंने “न्यूनतम शर्त” बताया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस इससे कम अवधि के युद्धविराम का पक्षधर है। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच ही शनिवार सुबह रूस ने कीव और अन्य यूक्रेनी क्षेत्रों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर दिए। बताया जा रहा है कि ट्रंप की प्रस्तावित 20-सूत्री शांति योजना का ड्राफ्ट करीब 90 प्रतिशत तैयार है, लेकिन डोनबास क्षेत्र को लेकर अब भी मतभेद बने हुए हैं। रविवार की मुलाकात में क्षेत्रीय मुद्दों और दीर्घकालिक सुरक्षा गारंटी पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel