जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार रात गुरेज सेक्टर में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आतंकी बागू खां उर्फ़ समंदर चाचा को एनकाउंटर में मार गिराया। बागू खां वर्ष 1995 से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में रह रहा था और पिछले तीन दशकों से 100 से अधिक घुसपैठ की घटनाओं में शामिल रहा है। आतंकी संगठनों में वह “ह्यूमन GPS” के नाम से कुख्यात था, क्योंकि उसे गुरेज सेक्टर और आसपास के रास्तों की गहरी जानकारी थी, जिसके चलते कई बार आतंकियों की घुसपैठ सफल हुई।
सूत्रों के अनुसार, बागू खां एक हिजबुल कमांडर था, लेकिन उसकी भूमिका किसी एक संगठन तक सीमित नहीं थी। वह किसी भी आतंकी संगठन से जुड़े आतंकियों को भारत में घुसपैठ कराने में मदद करता था। उसकी इस गतिविधि ने सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती खड़ी कर रखी थी।
जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त की रात को सुरक्षा बलों को उसके मूवमेंट की सूचना मिली थी। बागू खां नौशेरा नार क्षेत्र से आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षाबलों ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में बागू खां और उसका एक साथी आतंकी ढेर हो गया। अधिकारियों का कहना है कि समंदर चाचा का मारा जाना आतंकियों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि उसकी मौजूदगी से घुसपैठ को काफी मदद मिलती थी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel