राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी और किडनी डोनेट कर पिता को नया जीवन देने वाली रोहिणी आचार्या इन दिनों बागी तेवर में नजर आ रही हैं। हाल ही में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव की सीट पर उनके करीबी संजय यादव के बैठे होने पर रोहिणी ने सवाल उठाया था। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया। लेकिन अब उन्होंने बड़ा कदम उठाते हुए राजद के सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स को अनफॉलो कर दिया है।
रोहिणी की नाराजगी पार्टी और परिवार, दोनों से जुड़ी मानी जा रही है। कुछ महीने पहले ही उनकी मां राबड़ी देवी के बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और घर, दोनों से अलग-थलग कर दिया गया था। अब रोहिणी ने भी संगठन से दूरी बना ली है। यह वही रोहिणी हैं, जिन्होंने अपनी किडनी दान कर लालू प्रसाद को नया जीवन दिया था।

राजद में इस समय विवाद की असली वजह संजय यादव बताए जा रहे हैं। तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय यादव को लेकर रोहिणी आचार्या की आपत्तियाँ लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही थीं। पिछले कुछ दिनों में उन्होंने इस मुद्दे पर कई पोस्ट किए और तेजस्वी की कार्यशैली पर अप्रत्यक्ष रूप से सवाल खड़े किए।

शुक्रवार को भी रोहिणी ने एक्स पर दो पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने खुद को एक जिम्मेदार बेटी और बहन बताया और लिखा कि आत्मसम्मान सर्वोपरि है। लेकिन शनिवार सुबह अचानक उनका अकाउंट प्राइवेट हो गया और सभी पुराने पोस्ट गायब हो गए। इससे पटना के सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या रोहिणी पर अपने पोस्ट हटाने का दबाव बनाया गया है।