हरदोई के बच्चों के अस्पताल में भीषण आग, शॉर्ट-सर्किट से मची अफरा-तफरी, 20 से अधिक बच्चों की बचाई गई जान
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक बच्चों के अस्पताल में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है, जिससे अस्पताल के बेसमेंट में रखी बैटरियों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से गहरा धुआं फैल गया। आग लगते ही फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करीब दो दर्जन से अधिक बच्चों को तत्काल बाहर निकाला गया।
सीढ़ियों और धोती की रस्सियों से किया गया बचाव
घटना के दौरान लोगों ने बच्चों और अन्य परिजनों को सीढ़ियों के सहारे और धोती की रस्सी बनाकर पहली मंजिल से नीचे उतारा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग किस तरह जान जोखिम में डालकर एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर नियंत्रण पा लिया गया और कोई बड़ा नुकसान होने से टल गया।
प्रशासन की सक्रियता और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा टला, और अब तक मिली जानकारी के मुताबिक सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है, लेकिन राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।