बालासोर (ओडिशा) में कुलदिहा वन्यजीव अभ्यारण्य के हादगढ़ वन क्षेत्र से सटे इलाकों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बालासोर जिले के खैरा क्षेत्र के 10 स्कूलों को शुक्रवार को बंद रखने का आदेश दिया है। साथ ही माइक के जरिए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।
मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के नुसाही गांव निवासी 63 वर्षीय सुरेंद्र प्रसाद दास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात हादगढ़ वन क्षेत्र से दो हाथी बागेपुर गांव में घुस आए। इस दौरान हाथियों ने ग्रामीणों की कटी हुई धान की फसल को नुकसान पहुंचाया और विरोध करने पर ग्रामीणों पर हमला कर दिया।

हाथियों के हमले में गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र प्रसाद दास को खैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुपारी रेंज के वनकर्मी रात में ही बागेपुर गांव पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों हाथियों को गांव से खदेड़कर वापस जंगल की ओर भेजने में सफल रहे। हालांकि, हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में अब भी डर बना हुआ है।
तहसीलदार ने बताया कि हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार को रेडक्रॉस की ओर से सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा यदि किसी के घर या संपत्ति को नुकसान हुआ है तो सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एहतियातन खैरा क्षेत्र और आसपास के 10 स्कूलों को बंद किया गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन और वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel