कर्नाटक के बागलकोट जिले के नवनगर से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित एक बोर्डिंग स्कूल में मानसिक रूप से दिव्यांग एक किशोर के साथ अमानवीय और बर्बर व्यवहार किया गया। इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है और विशेष जरूरतों वाले बच्चों की सुरक्षा व देखभाल पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह मामला नवनगर स्थित ‘दिव्यज्योति स्कूल फॉर डिफरेंटली एबल्ड चिल्ड्रन’ से जुड़ा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल संचालक पति-पत्नी और उनके स्टाफ मिलकर मासूम बच्चे पर बेरहमी से अत्याचार कर रहे हैं। आरोप है कि अक्षय इंदुलकर नामक व्यक्ति बच्चे को बेल्ट और प्लास्टिक के पाइप से लगातार पीटता नजर आ रहा है।
वीडियो में यह भी दिखता है कि पिटाई के दौरान बच्चा दर्द से तड़पकर जमीन पर गिर जाता है, लेकिन इसके बावजूद उस पर अत्याचार जारी रहता है। अक्षय की पत्नी आनंदी भी इस क्रूरता में शामिल बताई जा रही है। आरोप है कि उसने पिटाई के दौरान बच्चे की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाने वाला व्यक्ति पीछे से हंसता हुआ भी सुनाई देता है।
इस जघन्य घटना का खुलासा तब हुआ, जब स्कूल में काम कर चुके एक पूर्व कर्मचारी ने वीडियो लीक किया। बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने साहस जुटाकर पीड़ित बच्चे के माता-पिता को पूरी घटना बताई और वीडियो दिखाया। इसके बाद मामला सामने आया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया।
पीड़ित किशोर के माता-पिता ने वीडियो सामने आने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बागलकोट के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि यह घटना करीब तीन महीने पुरानी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल संचालक आरोपी पति-पत्नी अक्षय इंदुलकर और आनंदी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य केयरटेकर्स से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनजीओ के लाइसेंस और अन्य कानूनी दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संस्था नियमों और मानकों के अनुसार संचालित हो रही थी या नहीं। इस मामले ने दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे संस्थानों की निगरानी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel