उत्तर प्रदेश एंटी-टेरर स्क्वॉड (ATS) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर्स और ISI के लिए काम कर रहे थे।
एटीएस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 32 बोर की पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि पाकिस्तान से संचालित गैंग भारत की संप्रभुता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए भारतीय युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें कट्टरपंथ की ओर धकेला जा रहा था। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और कुछ यूट्यूबर्स कथित रूप से ISI के निर्देश पर युवाओं को आर्थिक लालच और धार्मिक उन्माद के जरिए रेडिकलाइज कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान के रूप में हुई है। दोनों पाकिस्तानी हैंडलर्स के सीधे संपर्क में थे और किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
एटीएस के अनुसार, तुषार सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के संपर्क में आया और उसके लिए कई इंस्टाग्राम आईडी बनाई। बाद में व्हाट्सऐप और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत होने लगी। तुषार ने पूछताछ में बताया कि उसे ग्रेनेड हमले और टारगेटेड हत्या के निर्देश दिए गए थे, जिसके बदले उसे 50 हजार रुपये एडवांस और काम पूरा होने पर 2.5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।
साथ ही उसे पासपोर्ट बनवाकर दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजने की योजना भी बनाई जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि Tehrik-e-Taliban Hindustan (TTH) के नाम से प्रचार करने और नए लोगों को जोड़ने का काम समीर खान को सौंपा गया था।
दोनों आरोपी टारगेट की रेकी कर रहे थे और कई लोगों को जान से मारने की धमकियां भी दी गई थीं। इन गतिविधियों में पाकिस्तानी हैंडलर्स कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए जुड़े रहते थे।
इस मामले में थाना-एटीएस लखनऊ में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर BNS, आर्म्स एक्ट और UAPA की धाराओं में केस दर्ज कर अदालत में पेश किया गया है। एटीएस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पुलिस कस्टडी रिमांड की तैयारी कर रही है।
एटीएस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel