हैदराबाद: फर्टिलिटी क्लिनिक में अवैध सरोगेसी और स्पर्म तस्करी रैकेट का खुलासा
तेलंगाना के हैदराबाद शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सिकंदराबाद स्थित एक फर्टिलिटी क्लिनिक में अवैध सरोगेसी और स्पर्म तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस मामले में यूनिवर्सल सृष्टि फर्टिलिटी सेंटर की मैनेजर डॉ. नम्रता समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक दंपती की शिकायत के बाद शुरू हुई, जिन्होंने डीएनए जांच के जरिए यह पाया कि सरोगेसी से जन्मा बच्चा उनसे जेनेटिक रूप से जुड़ा नहीं है।
Couple who found out their 'surrogate' baby had no genetic link to them complain about being cheated of over Rs 30 lakh, @hydcitypolice unravel shocking interstate racket of #FakeSurrogacy, illegal trafficking in reproductive material like sperms/eggs; 9 including doctor arrested pic.twitter.com/W376UeU8gE
— Uma Sudhir (@umasudhir) July 27, 2025
डीएनए टेस्ट ने खोली पोल
हैदराबाद नॉर्थ ज़ोन की डीसीपी रश्मि पेरुमल के अनुसार, यह रैकेट गरीब महिलाओं को लालच देकर सरोगेट मदर बनाता था और स्पर्म व एग्स की अवैध अंतरराज्यीय तस्करी करता था। राजस्थान से आए एक दंपती ने तीन साल पहले इस क्लिनिक को 30 लाख रुपये देकर सरोगेसी प्रक्रिया करवाई थी। जब बच्चा पैदा हुआ, तो दंपती को शक हुआ और उन्होंने डीएनए जांच की मांग की। डॉक्टर नम्रता लगातार टालती रहीं, लेकिन जब दंपती ने दिल्ली में स्वतंत्र डीएनए टेस्ट कराया, तो सच्चाई सामने आ गई। जांच में यह साबित हो गया कि बच्चा उनका जैविक संतान नहीं है। जब डॉक्टर नम्रता ने “गलती” स्वीकार की और कुछ समय मांगा, तो बाद में वह फरार हो गईं।
देर रात छापा, जब्त हुए दस्तावेज़ और सैंपल
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात क्लिनिक पर छापा मारा और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़, स्पर्म सैंपल और रिकॉर्ड जब्त किए। जांच में यह भी सामने आया कि यह क्लिनिक गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी अवैध रूप से स्पर्म और एग्स की सप्लाई कर रहा था। इस रैकेट का संचालन बिना लाइसेंस वाली कंपनी ‘इंडियन स्पर्म टेक’ के साथ मिलकर किया जा रहा था।
और भी खुलासों की संभावना
पुलिस ने ‘इंडियन स्पर्म टेक’ के रीजनल मैनेजर पंकज सोनी सहित सात अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, डॉ. नम्रता पर यह भी आरोप है कि उन्होंने एक महिला को विशाखापत्तनम भेजा और दंपती को विश्वास दिलाया कि उसी महिला से उनका बच्चा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट से कई और फर्टिलिटी क्लिनिक और एजेंट जुड़े हो सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है।