मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने रणनीतिक कदम उठाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर ट्रांजिट टोल वसूलना शुरू कर दिया है। ईरान का दावा है कि इस टोल की पहली पेमेंट कैश में प्राप्त हुई है, जिसे सेंट्रल बैंक ऑफ ईरान में जमा भी कर दिया गया है।
ईरान के सरकारी मीडिया Press TV के अनुसार, यह राशि नकद मुद्रा (कैश करेंसी) में मिली और इसे आधिकारिक खातों में जमा कर लिया गया। इससे पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि ईरान यह भुगतान बिटकॉइन या अन्य क्रिप्टोकरेंसी में स्वीकार कर सकता है, लेकिन अब इसे खारिज कर दिया गया है।
इस बीच ईरान की संसद के उपाध्यक्ष हमीदरेजा हाजीबाबाई ने पुष्टि की कि होर्मुज से मिलने वाली पहली आय पहले ही केंद्रीय बैंक में जमा हो चुकी है। उन्होंने एक जनसभा में कहा कि होर्मुज पर केवल ईरानी जनता का अधिकार है और इस मार्ग से गुजरने वाले सभी जहाजों को ईरानी रियाल में टोल देना होगा।
हाजीबाबाई ने यह भी चेतावनी दी कि यदि संयुक्त राज्य अमेरिका अपनी आक्रामक नीतियां जारी रखता है, तो ईरान इस मार्ग से जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा सकता है। उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वाले दो जहाजों को पहले ही पकड़ा जा चुका है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई और सख्त की जाएगी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की सैन्य शक्ति के चलते अमेरिकी युद्धपोतों को 200 किलोमीटर पीछे हटना पड़ा है। यह कदम वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel