प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में चार नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर उनका शुभारंभ किया। इनमें से एक ट्रेन को उन्होंने वाराणसी स्टेशन से सीधे रवाना किया, जबकि बाकी तीन ट्रेनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन कर देश को समर्पित किया। रेलवे बोर्ड ने इन सभी ट्रेनों के रूट और समय सारिणी जारी कर दी है। खास बात यह है कि इनमें से तीन ट्रेनें उत्तर प्रदेश से होकर चलेंगी। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली, बेंगलुरु–एर्नाकुलम और वाराणसी–खजुराहो के बीच संचालित होंगी।
The Vande Bharat trains to be flagged off in a short while will boost connectivity and comfort! https://t.co/vwTHyQow7Z
— Narendra Modi (@narendramodi) November 8, 2025
वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत ट्रेन (26422/26421)
यह ट्रेन सुबह 5:25 बजे वाराणसी से रवाना होगी और विंध्याचल, प्रयागराज, छिवकी, चित्रकूट धाम, बांदा और महोबा होते हुए दोपहर 1:10 बजे खजुराहो पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:20 बजे खजुराहो से चलेगी और रात 11 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह सेवा प्रति सप्ताह गुरुवार को छोड़कर सभी दिन उपलब्ध रहेगी।

लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (26504/26503)
ट्रेन सुबह 5 बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी और सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद और रुड़की होते हुए दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3 बजे सहारनपुर से चलकर रात 11 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सभी दिन चलेगी।

फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस (26462/26461)
सुबह 7:55 बजे फिरोजपुर कैंट से शुरू होकर यह ट्रेन फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत होते हुए दोपहर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। शाम 4 बजे यह ट्रेन दिल्ली से लौटेगी और रात 10:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। यह सेवा बुधवार को छोड़कर हर दिन संचालित होगी।

केएसआर बेंगलुरु–एर्नाकुलम वंदे भारत एक्सप्रेस (26651/26652)
यह ट्रेन सुबह 5:10 बजे बेंगलुरु के केएसआर स्टेशन से चलेगी और कृष्णराजपुरम, सलेम, इरोड, तिरुप्पुर, कोयंबटूर, पलक्कड़ और थ्रिसूर से होकर दोपहर 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। लौटने की यात्रा दोपहर 2:20 बजे एर्नाकुलम से शुरू होगी और रात 11 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलेगी।

वाराणसी से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे के भविष्य की मजबूत नींव रख रही हैं। उन्होंने बताया कि वंदे भारत ट्रेन भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए बनाई गई आधुनिकता का प्रतीक है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आज देश अपने संसाधनों को मजबूत बनाने के जिस अभियान पर चल पड़ा है, ये ट्रेनें उसमें एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगी।
Delighted to flag off four Vande Bharat trains. These will enhance connectivity and provide greater comfort for citizens.
https://t.co/kHl2ufYLoF
— Narendra Modi (@narendramodi) November 8, 2025
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel