अफ्रीकी देश माली में एक बार फिर भारतीय नागरिकों के अपहरण की गंभीर घटना सामने आई है। पश्चिमी माली के कोबरी इलाके में गुरुवार (6 नवंबर 2025) को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक विद्युतीकरण परियोजना पर काम कर रहे पाँच भारतीय श्रमिकों को अगवा कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और भारतीय समुदाय में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जिस कंपनी के लिए ये श्रमिक काम कर रहे थे, उसके प्रतिनिधि ने अपहरण की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद वहाँ मौजूद अन्य सभी भारतीय कर्मचारियों को राजधानी बमाको में सुरक्षित स्थानों पर पहुँचा दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियाँ मामले की जाँच में जुट गई हैं।

हालाँकि अभी तक किसी भी संगठन ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक आतंकवादी संगठनों पर है। माना जा रहा है कि इसके पीछे अल-कायदा और ISIS से जुड़े समूहों का हाथ हो सकता है। उल्लेखनीय है कि इसी साल जुलाई में भी तीन भारतीय नागरिकों का माली में अपहरण हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी अल-कायदा संबद्ध संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुसलमीन (JNIM) ने ली थी।
माली पिछले एक दशक से तख्तापलट, राजनीतिक अस्थिरता और खतरनाक आतंकवाद से जूझ रहा है। यहाँ विदेशी नागरिकों का फिरौती के लिए अपहरण एक आम घटना बन चुका है। साहेल क्षेत्र (जिसमें माली शामिल है) को वैश्विक आतंकवाद का गढ़ कहा जाता है, जहाँ दुनिया में आतंकवाद से होने वाली कुल मौतों का आधे से ज्यादा हिस्सा होता है।
सरकारी आँकड़ों के अनुसार, वर्तमान में लगभग 400 भारतीय नागरिक माली में काम कर रहे हैं। अधिकांश लोग कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं में कार्यरत हैं, जिसके कारण ऐसे घटनाक्रम उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel