उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े आतंकवादी नेटवर्क से जुड़ाव के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी कार से AK-47 राइफल, जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध दस्तावेज़ बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि शाहीन के संबंध जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) जैसे खतरनाक आतंकी संगठनों से हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहीन शाहिद फरीदाबाद के आतंकी डॉ. मुजम्मिल शकील की सहयोगी और गर्लफ्रेंड थी। मुजम्मिल ही शाहीन की कार का इस्तेमाल करता था, जिससे हथियारों की आवाजाही की जाती थी। यह भी सामने आया है कि शाहीन का नेटवर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलरों से जुड़ा हुआ था और वह कई बार जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के बीच यात्रा कर चुकी थी।
सूत्रों के मुताबिक, शाहीन फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ी हुई थी, जहाँ मुजम्मिल भी पढ़ता था। दोनों ने मिलकर आतंकी साजिश से जुड़ी कई गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बनाई थी। जाँच एजेंसियाँ अब शाहीन के मोबाइल डेटा, बैंक अकाउंट्स, सोशल मीडिया और विदेशी कॉल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि यह गिरफ्तारी उस आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी है जिसमें पहले ही डॉ. मुजम्मिल शकील, डॉ. आदिल अहमद, इमाम इरफान समेत सात लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इस नेटवर्क से अब तक करीब 2900 किलो विस्फोटक, कई हथियार और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया जा चुका है। सुरक्षा एजेंसियाँ मान रही हैं कि शाहीन शाहिद की गिरफ्तारी से इस मॉड्यूल की आतंकी फंडिंग और नेटवर्क से जुड़ी कई अहम कड़ियाँ सामने आ सकती हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel