25 नवंबर को राम नगरी अयोध्या में इतिहास का साक्षी बनने वाला भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम पूरी तरह तैयार है। पूरी अयोध्या दीपोत्सव जैसी रोशनी और सजावट में दुल्हन की तरह सजी हुई है। इस विशेष अवसर पर कुल सात ध्वज फहराए जाएंगे—मुख्य ध्वज राम मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फहराया जाएगा, जबकि परकोटा में बने छह मंदिरों में अन्य प्रमुख अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। ये सभी ध्वज अहमदाबाद में विशेष रूप से तैयार किए गए हैं।
राम मंदिर के शिखर पर फहराया जाने वाला मुख्य ध्वज केसरिया रंग का है, जिसकी लंबाई 22 फीट और चौड़ाई 11 फीट है। इसमें सूर्य देव, कोविदार वृक्ष और ‘ॐ’ के पवित्र चिन्ह अंकित हैं। यह ध्वज जमीन से 191 फीट की ऊंचाई तक ले जाया जाएगा, जबकि मंदिर का शिखर 161 फीट ऊंचा है। भारी वजन वाली रस्सी की सहायता के लिए मशीन सिस्टम लगाया गया है, साथ ही ध्वजारोहण के लिए बटन की व्यवस्था भी की गई है। पूरे ध्वजारोहण प्रक्रिया में सेना की तकनीकी सहायता भी ली जा रही है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम विवाह पंचमी और अभिजीत मुहूर्त में होगा। इस दौरान ध्वज फहरते ही शंखनाद होगा, पुष्पवर्षा की जाएगी और पूरा परिसर आध्यात्मिक माहौल से गूंज उठेगा। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, RSS प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और लगभग सात हजार से अधिक विशिष्ट अतिथि होंगे।
परकोटा में बने छह मंदिर—भगवान शिव, गणेश, सूर्यदेव, हनुमान, मां भगवती और माता अन्नपूर्णा में भी उसी दिन ध्वजारोहण होगा। इन मंदिरों में ध्वज दंड और कलश पहले ही स्थापित कर दिए गए हैं। 20 नवंबर से हो रहे पांच दिवसीय अनुष्ठान में वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार और पूजा जारी है।
कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए अयोध्या को हाई-सेक्योरिटी ज़ोन में बदल दिया गया है। SPG, NSG, CRPF, IB और यूपी पुलिस की टीमों ने कमान संभाल ली है। शहर में 15 हजार से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जबकि ध्वजारोहण स्थल को येलो सिक्योरिटी जोन घोषित कर 450 कैमरों की अतिरिक्त निगरानी में रखा गया है। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं।
आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और मंदिर परिसर, एयरपोर्ट, हेलीपैड व प्रधानमंत्री के मार्ग का रिव्यू करेंगे। पूरा अयोध्या नगर अब 25 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रहा है, जब राम मंदिर के शिखर पर पहली बार भव्य ध्वज शान से लहराएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel