उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में गुरुवार (25 सितंबर 2025) से सोमवार (29 सितंबर 2025) तक आयोजित होने जा रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, MSME, हस्तशिल्प, वस्त्र, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस मेगा इवेंट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं करेंगे, जिसके लिए सुरक्षा और प्रबंधन के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे आयोजन स्थल और उसके आसपास के इलाके को 7 जोन और 37 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा की कमान 7 डीसीपी के हाथ में होगी और हर जोन की जिम्मेदारी एक डीसीपी को सौंपी गई है। इसके अलावा 15 एसपी, 40 से अधिक एसीपी और 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजनाएँ बनाई गई हैं ताकि प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी अतिथियों के आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर जिले में 24 सितंबर की रात 12 बजे से 25 सितंबर की रात 12 बजे तक ड्रोन, गुब्बारे, रिमोट से संचालित माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और पैराग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने खुद एक्सपो मार्ट पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और हेलीपैड, प्रवेश द्वारों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों, प्रदर्शकों और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और ट्रैफिक को लेकर किसी भी स्थिति में ढिलाई न बरती जाए। साथ ही जिलाधिकारी मेधा रूपम ने भी एयरपोर्ट और आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 3.0' का आयोजन होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी इसका उद्घाटन करेंगे…: #UPCM श्री @myogiadityanath जी #UPITS2025 pic.twitter.com/RZhVRdzSIE
— Government of UP (@UPGovt) September 23, 2025
इस बार के ट्रेड शो में 2500 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहाँ उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के विशिष्ट उत्पाद और पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शित किए जाएँगे। इसके साथ ही 500 से अधिक विदेशी व्यापारी और निवेशक इस आयोजन में भाग लेंगे, जिससे प्रदेश को नए निर्यात अवसर और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियाँ मिलने की उम्मीद है। आयोजन के चलते दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अधिकांश होटल पहले से ही बुक हो चुके हैं और उद्योग जगत तथा व्यापारिक समुदाय में इस मेगा इवेंट को लेकर जबरदस्त उत्साह है। व्यापारियों का मानना है कि यह शो यूपी को वैश्विक निवेश के नए अवसर दिलाने में अहम साबित होगा।
विशेष आकर्षण के रूप में हॉल नंबर 7 में 496 वर्ग मीटर क्षेत्र में जल शक्ति मंत्रालय की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें हर घर जल, नमामि गंगे, जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 जैसी प्रमुख सरकारी योजनाओं की जानकारी 3डी मॉडल, डिजिटल प्रेजेंटेशन और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से दी जाएगी। इस प्रदर्शनी में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल पुनर्चक्रण जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा स्टार्टअप्स, शोध संस्थान और निजी जल प्रबंधन कंपनियाँ भी अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगी। सुरक्षा एजेंसियों ने आम जनता और आगंतुकों से अपील की है कि वे सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रशासन को इस आयोजन को सफल एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग दें। इस इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश न केवल अपने उद्योग और संस्कृति को प्रदर्शित करेगा, बल्कि निवेशकों के लिए एक सशक्त और उभरते हुए ‘न्यू इंडिया’ का संदेश भी देगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel