प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के बीजेपी सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक की, जिसमें 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई और खगेन मुर्मू जैसे बीजेपी सांसदों पर हुए हमलों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि लोग टीएमसी की हिंसा और दबाव की राजनीति को समझ सकें। उन्होंने साफ कहा कि “हमें कड़ी मेहनत करनी है, ताकि विधानसभा चुनाव जीत सकें” और यह लड़ाई संगठनात्मक मजबूती और जनता के भरोसे से ही जीती जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने सांसदों को बताया कि पार्टी राज्य में काफी आगे बढ़ चुकी है और अब आवश्यक है कि यह तेज़ी जारी रहे। उन्होंने SIR (Special Intensive Revision) पर उठे विवाद को लेकर कहा कि यह शुद्धिकरण की सामान्य प्रक्रिया है और इसे रुकना नहीं चाहिए। पीएम मोदी ने सांसदों को निर्देश दिया कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संवाद रखें और सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र की योजनाओं और उपलब्धियों को व्यापक रूप से जनता तक पहुँचाएँ, ताकि विपक्ष के भ्रम फैलाने के प्रयासों को रोका जा सके।
वर्तमान में लोकसभा में पश्चिम बंगाल से 12 बीजेपी सांसद हैं। पीएम मोदी ने उन्हें स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए जनता के साथ सीधा और मजबूत संचार बेहद ज़रूरी है। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे विस्तृत प्रस्तुतियाँ तैयार करें और 2026 विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक ढांचे और बूथ स्तर की तैयारियों को मजबूत करने पर अभी से ध्यान दें।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का लगातार विरोध कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीजेपी और चुनाव आयोग पर बीएलओ पर दबाव डालने, और इससे कथित रूप से मौतें और आत्महत्याएँ होने के आरोप लगा रही हैं। इसी बीच संसद में भी चुनाव सुधारों पर चर्चा की तैयारी है, जहां विपक्ष SIR का मुद्दा उठाने की योजना बना रहा है।
पीएम मोदी की यह बैठक संदेश देती है कि बीजेपी 2026 के चुनाव को लेकर बेहद गंभीर है और संगठन से लेकर जनता तक, हर स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अभी से आक्रामक रणनीति अपनाने जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel