छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच घमासान मुठभेड़ शुरू हो गई, जो कई घंटों से जारी है। यह मुठभेड़ बीजापुर–दंतेवाड़ा की सीमा पर स्थित गंगालूर इलाके के घने जंगलों में हो रही है। सुरक्षाबलों को पहले ही इस क्षेत्र में नक्सलियों की बड़ी मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद DRG (जिला रिज़र्व गार्ड), STF और CRPF की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया। जवानों की मौजूदगी का आभास होते ही नक्सलियों ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ तेज होती चली गई।
अब तक मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस भीषण मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, मुठभेड़ जारी रहने के कारण यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि सुरक्षाबलों ने बड़ी संख्या में नक्सलियों को घेर रखा है। इस बीच दुखद खबर यह है कि गोलीबारी में दो DRG जवान शहीद हो गए हैं। दंतेवाड़ा रेंज के DIG कमलोचन कश्यप ने बताया कि लगभग दो घंटे से लगातार फायरिंग हो रही है और नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जा रहा है।
गंगालूर, बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर स्थित घना जंगल नक्सलियों का गढ़ माना जाता है, जहां समय-समय पर बड़े ऑपरेशन होते रहे हैं। इस साल भी सुरक्षा बलों ने नक्सलियों पर दबाव बढ़ाया है, जिसका असर इन मुठभेड़ों में दिखाई दे रहा है। साल 2025 में अब तक छत्तीसगढ़ में कुल 268 नक्सलियों को मुठभेड़ों में मार गिराया गया है। इनमें से 239 नक्सली सिर्फ बस्तर क्षेत्र के सात जिलों से हैं, जो नक्सल प्रभावित इलाकों का मुख्य केंद्र है। इसके अलावा 27 नक्सली रायपुर के गरियाबंद जिले में और 2 नक्सली दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी इलाके में मारे गए हैं।
नक्सलियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों के बीच सुरक्षाबलों का यह बड़ा ऑपरेशन राज्य में नक्सल उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभी भी मुठभेड़ जारी है और सुरक्षाबल इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel