पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले में गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट हो गया। इस धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह विस्फोट ग्रैंड ट्रंक रोड के पास हुआ, जिसके बाद लगी भीषण आग ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों ने पास के एक मकान को भी नुकसान पहुंचाया।
हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद के अनुसार, अधिकांश मौतें आग से नहीं बल्कि धमाके के बाद उठे जहरीले धुएं के कारण हुईं। धुएं के कारण दम घुटने से लोगों की जान गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही ‘रेस्क्यू 1122’ की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने अब तक 4 महिलाओं और 6 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
हालांकि, कई लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच शुरू
विस्फोट के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel