भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार (2 जनवरी 2025) को पाकिस्तान को लेकर बेहद सख्त और स्पष्ट रुख अपनाया। चेन्नई स्थित IIT मद्रास में छात्रों से संवाद के दौरान उन्होंने पाकिस्तान को “खराब और घटिया पड़ोसी” करार देते हुए कहा कि अगर कोई देश जानबूझकर, लगातार और बिना किसी शर्म या पछतावे के आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तो भारत उसके सामने चुप नहीं बैठ सकता। जयशंकर ने दो टूक कहा कि अपने नागरिकों की सुरक्षा करना भारत का अधिकार है और इस अधिकार का इस्तेमाल कैसे और कब करना है, यह भारत खुद तय करेगा। उन्होंने साफ किया कि इस मामले में न तो किसी बाहरी दबाव को स्वीकार किया जाएगा और न ही किसी की नसीहत।
विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में जबरदस्त तनाव देखा गया था। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी। इसके बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर सख्त कार्रवाई की थी।
जयशंकर ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना लेकिन स्पष्ट संकेतों में कहा कि भारत को ऐसे पड़ोसियों का सामना करना पड़ता है, जो आतंकवाद को अपनी राज्य नीति की तरह इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा, “अगर आपका पड़ोसी देश लगातार आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तो हमें अपने लोगों की रक्षा करने का पूरा अधिकार है। हम उस अधिकार का इस्तेमाल करेंगे और कैसे करेंगे, यह हम तय करेंगे।”
सिंधु जल समझौते के संदर्भ में बोलते हुए जयशंकर ने पाकिस्तान को सीधा संदेश दिया कि अच्छे पड़ोसी संबंधों के बिना ऐसे समझौते टिक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि दशकों तक आतंकवाद चलाने के बाद यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि सब कुछ सामान्य बना रहेगा। उनके शब्दों में, “आप एक तरफ यह नहीं कह सकते कि हमें पानी भी चाहिए और दूसरी तरफ हमारे खिलाफ आतंकवाद भी चलता रहेगा। ये दोनों चीजें साथ-साथ नहीं चल सकतीं।”
जयशंकर के इस बयान को पाकिस्तान के लिए कड़े चेतावनी संदेश और भारत की स्पष्ट आतंकवाद-विरोधी नीति के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता करने से साफ इनकार किया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel